बिना इलाज आयुष्मान कार्ड से निकाल लिए रुपए: लाइफ केयर अस्पताल पर बिना इलाज भुगतान लेने का आरोप, लाइसेंस रद्द करने की मांग

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के माधव नगर स्थित समदड़िया सिटी के लाइफ केयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पर बिना इलाज किए आयुष्मान कार्ड से 50,100 रुपए निकालने का आरोप लगा है। अमकुही निवासी 26 वर्षीय अतुल तिवारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को लिखित शिकायत देकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।शिकायत के अनुसार, अतुल मुंबई में काम करते समय दो मंजिल से नीचे गिर गए थे। हादसे में उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया था। मुंबई के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान पैर में रॉड डाली गई थी।अतुल ने रॉड निकलवाने के लिए 21 सितंबर 2026 को जिला चिकित्सालय कटनी में जांच कराई और फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाया। इसके बाद 23 सितंबर को लाइफ केयर अस्पताल पहुंचे। उनके मुताबिक, अस्पताल प्रबंधन ने भर्ती कर ऑपरेशन के जरिए रॉड निकालने का भरोसा दिया था।अतुल 23 से 29 सितंबर 2026 तक अस्पताल में भर्ती रहे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 29 सितंबर को डिस्चार्ज करते समय अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें बताया कि पैर की रॉड कहीं और से निकलवा लें, क्योंकि वहां ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे।इसके बाद अतुल ने 5 अक्टूबर 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में संपर्क किया। जांच के बाद उन्हें 12 से 19 अक्टूबर तक भर्ती रखा गया, जहां ऑपरेशन कर पैर की रॉड निकाली गई।अतुल के अनुसार, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज आयुष्मान कार्ड नंबर एमआर 8 एएचएफबीवायसी के माध्यम से हुआ। इसके तहत 22,500 रुपए का भुगतान लिया गया। अब उन्होंने कटनी के लाइफ केयर अस्पताल पर बिना इलाज किए आयुष्मान कार्ड से 50,100 रुपए निकालने का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *