विजयराघवगढ़ पहुंची ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’: किले में स्वच्छता अभियान और कैमोर में हुआ युवा संवाद, जगह-जगह स्वागत

जनमत हिन्दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी के लिए निकली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ शुक्रवार सुबह 12 बजे कटनी जिले के विजयराघवगढ़ पहुंची। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी और यात्रा के राष्ट्रीय प्रभारी सांसद विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में विधानसभा के भैंसवाही ग्राम में क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक के साथ कार्यकर्ताओं ने पटाखों की लड़ी जलाकर, ढोल-नगाड़ों के बीच पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।इसके बाद यात्रा का जगह-जगह फूल बरसाकर बाइक सवारों का उत्साह के साथ स्वागत किया गया। ग्राम हरदुआ कला में भारतीय सेना के जवान रहे अमर शहीद प्रदीप पटैल के निवास पर पहुंचकर सभी अतिथियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार से मुलाकात की।इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम के प्रत्यक्ष गवाह विजयराघवगढ़ के ऐतिहासिक किले पर युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, सांसद वीडी शर्मा, विधायक संजय पाठक और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर पहुंचे। बरम बाबा की पूजा के बाद उन्होंने स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर की सफाई की।इसके पश्चात कैमोर में आयोजित लाभार्थी और युवा संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ जारी है। इसका मकसद सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से समाज के विभिन्न वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना ही जनसेवा का मकसद है। अभियान के तहत सभी जगह शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां योजनाओं की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है।विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि उनका मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के लिए काम करने वाले ईश्वर के दूत हैं। उन्होंने मोदी सरकार के 25 वर्षों के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीबों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ मिला, स्वच्छता अभियान के तहत इज्जत घर रूपी शौचालयों का निर्माण हुआ और घर-घर नल से जल पहुंच रहा है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ता सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।कैमोर के बापू की वाटिका में सेवा यात्रियों और कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण अभियान में पौधे लगाए। यह बाइक यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं को सेवा, स्वच्छता और पौधरोपण जैसी गतिविधियों से जोड़ने का उद्देश्य रखा गया है।इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, विधायक संजय पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, महामंत्री मनीषदेव मिश्रा, मृदुल मिश्रा, पारस जैन, नगर परिषद अध्यक्ष पलक ग्रोवर, राजेश्वरी दुबे, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, सुनीता दाहिया, राजेश पटेल, संतोष केवट, हरिओम बर्मन सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *