महापौर के नेतृत्व में सुलझा विवाद: पार्षद ने वापस लिया इस्तीफा, एकजुटता से बनी सहमति

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने महापौर की समझाइश और विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने के भरोसे के बाद अपना इस्तीफा वापस ले लिया। वार्ड में विकास कार्य नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने सदन में इस्तीफा दिया था। मंगलवार को महापौर के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों और वार्ड के स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में इस मामले का समाधान निकाला गया।इस दौरान महापौर ने कहा कि वार्ड में पिछले 15 वर्षों तक विकास कार्य नहीं हो पाने का एक बड़ा कारण अवैध कॉलोनी का होना था। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने की दिशा में कदम उठाया, जिसके बाद विकास कार्यों का रास्ता खुला। उन्होंने बताया कि वार्ड में अब तक करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हो चुके हैं और आगे भी काम जारी रहेंगे।महापौर ने कहा कि वे पूरे शहर की महापौर हैं और उन्हें सभी वार्डों के पार्षदों की जरूरतों का ध्यान रखना पड़ता है। उन्होंने शेष विकास कार्य जल्द से जल्द कराने का भरोसा दिलाते हुए बल्ली सोनी से धैर्य रखने और संगठन पर विश्वास बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास की लड़ाई में मैदान छोड़ने के बजाय मिलकर रास्ता निकालना चाहिए। भाजपा एक परिवार है, जहां मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए।महापौर की समझाइश के बाद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने उनके नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए अपना इस्तीफा वापस ले लिया। उन्होंने वार्ड और पूरे कटनी के विकास के लिए साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिलाया।इसके बाद महापौर भाजपा पार्षदों के साथ बल्ली सोनी के निवास पहुंचीं और उनकी माता जी का कुशलक्षेम जाना।इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री एवं पार्षद सुखदेव चौधरी, एमआईसी सदस्य सुभाष शिब्बू साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, जयनारायण निषाद, ओमेंद्र अहिरवार, पार्षद श्याम पंजवानी, बंदना राजकिशोर यादव, रेखा संजय तिवारी, शकुंतला सोनी, भट्टू यादव, सुनीता कमलेश चौधरी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद जीवन चौधरी, राजू माखीजा, डब्बू रजक सहित वार्ड के स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *