जनमत हिन्दी। कटनी कोतवाली पुलिस ने नई बस्ती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय विधि-विरुद्ध कार्य करने वाले बालक के कब्जे से 558 पाव अवैध देशी प्लेन और मसाला शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 104 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है। शराब को तीन बड़ी प्लास्टिक की बोरियों और एक थैले में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया था।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम 1 अक्टूबर 2026 को नई बस्ती क्षेत्र में पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और शैडो एरिया का भ्रमण कर रही थी।पुलिस के अनुसार, शाम करीब 6:45 बजे बधवा गली के पास एक लड़का झाड़ियों में छिपकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन देखकर वह घबरा गया। टीम ने उसके पास पहुंचकर नाम-पता पूछा। पूछताछ में उसने स्वयं को गांधीगंज, कटनी का निवासी बताया।पुलिस के मुताबिक, उसके पास झाड़ियों में तीन बड़ी प्लास्टिक की बोरियां और एक थैला रखा हुआ था। इनके संबंध में पूछताछ करने पर वह गोल-मोल जवाब देने लगा। संदेह होने पर स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में बोरियों और थैले की तलाशी ली गई। तलाशी में 180 एमएल की कुल 558 पाव देशी प्लेन और मसाला शराब बरामद हुई।पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 104 लीटर और अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपये है। विधि-विरुद्ध कार्य करने वाले बालक का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत पाया गया। मौके पर शराब जब्त कर बालक को अभिरक्षा में लिया गया।मामले में थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 1121/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि नई बस्ती क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा घूम-घूमकर अवैध शराब बेचने संबंधी सूचनाएं लगातार मिल रही थीं। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही थी। उनके अनुसार, इसी सतत निगरानी और पुलिस की सक्रियता के परिणामस्वरूप बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ विधि-विरुद्ध कार्य करने वाले बालक को पकड़ा गया।उन्होंने कहा कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ कोतवाली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी उनि. किशोर द्विवेदी, प्र.आर. सुनील सिंह, आर. अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, अजीत सिंह और म.आर. अनामिका तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
झाड़ियों में छिपा रखी थी शराब: कोतवाली पुलिस ने जब्त की 558 पाव शराब, नाबालिग गिरफ्तार

































































































Leave a Reply