कटनी। घर के काम को लेकर मां की डांट से नाराज होकर करीब दो माह पहले घर से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को कोतवाली पुलिस ने मैहर से सकुशल बरामद कर लिया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत बालिका को कटनी लाया गया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। खिरहनी फाटक निवासी फरियादिया ने 4 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री 1 अगस्त से घर से नाराज होकर बिना बताए कहीं चली गई है। नात-रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका था।रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने बालिका के माता-पिता से पूछताछ की। बालिका की मां ने बताया कि घर के काम को लेकर उसने बेटी को डांट दिया था, जिससे नाराज होकर वह बिना बताए घर से चली गई थी। पुलिस ने नात-रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उसकी तलाश की, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।इसी दौरान मुखबिर से बालिका के मैहर में होने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मैहर रवाना हुई और बालिका को सकुशल दस्तयाब कर कटनी लाई। बालिका के मिलने की जानकारी उसके माता-पिता को दी गई। इसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बालिका की काउंसलिंग कर उसे समझाइश दी कि भविष्य में किसी बात से नाराज होने पर बिना बताए घर से न जाए। किसी परेशानी की स्थिति में माता-पिता अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देने के लिए भी समझाया गया। बालिका के माता-पिता को भी बच्चों की गतिविधियों और भावनाओं पर ध्यान रखने तथा उनके साथ लगातार संवाद बनाए रखने की समझाइश दी गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, सउनि. रामेश्वर प्रसाद पटेल, आर. प्रवीण सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन और अजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ऑपरेशन मुस्कान में कोतवाली पुलिस को सफलता: मैहर से मिली लापता बालिका, परिजनों को सौंपा

































































































Leave a Reply