कटनी में संघ का विजयादशमी उत्सव: तीन मार्गों से निकला संघ का पथ संचलन, शहरभर में हुई पुष्पवर्षा

जनमत हिन्दी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 101 वर्ष पूर्ण होने पर कटनी नगर में विजयादशमी उत्सव और पथ संचलन का आयोजन किया गया। नगर में तीन स्थानों से शुरू हुए पथ संचलन का विभिन्न मार्गों से होते हुए फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में समापन हुआ। इस दौरान शहर के विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा और दीप प्रज्वलन कर संचलन का स्वागत किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केल्ड्रीज इंडिया कटनी के प्रबंधक प्रियव्रत विश्वास ने संघ के अनुशासन और स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक सेवा कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाते हैं। कटनी में संगठित शक्ति को समाज परिवर्तन के कार्यों में सक्रिय देखकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। समाज की संगठित शक्ति देश को विकास के रास्ते पर आगे ले जा सकती है। सभी को मिलकर समाजहित के कार्यों में आगे आना चाहिए।संगठन से ही विजय का सूत्र : सुनील देवकार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सामाजिक समरसता संयोजक सुनील देव ने कहा कि संगठन ही विजय का सूत्र है। उन्होंने बताया कि 101 वर्ष पहले विजयादशमी के दिन डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी।उन्होंने कहा कि भारत को पुनः वैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिए पूरे हिंदू समाज को संगठित होकर समाजहित के कार्यों में जुटना होगा। संघ का उद्देश्य समाज को संगठित, स्वाभिमानी और शक्तिशाली बनाना है, ताकि भारत विश्व गुरु के पद पर आसीन हो सके।सुनील देव ने पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन की संकल्पना पर भी बात रखी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ लगाने, पानी का समुचित उपयोग करने और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विभाग संघ चालक विपिन तिवारी, नगर संघ चालक किशोर ओचानी, जिला संघ चालक डॉ. अमित साहू, प्रांतीय अधिकारी राजकुमार जैन, विभाग कार्यवाह अमित कनकने और जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, प्रबुद्ध नागरिक और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *