जनमत हिन्दी। कटनी के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में दो सीसी रोड के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन गुरुवार को नवरात्रि की पंचमी पर किया गया। करीब 35 लाख 8 हजार रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों का भूमिपूजन महापौर प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद सरला मिश्रा और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वार्ड की कन्या शिवि के हाथों कराया गया।
निर्माण कार्यों के तहत सुभाष तिवारी के घर से शंकर दुबे के घर तक सड़क बनाई जाएगी। इस कार्य पर लगभग 27 लाख 8 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं, आनंद पटेल के घर से अशोक सोनी के घर तक सड़क निर्माण पर लगभग 8 लाख रुपये की लागत आएगी।
कार्यक्रम के दौरान महापौर सूरी ने उपस्थित महिलाओं का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने वार्ड की अन्य गलियों का निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
महापौर ने कहा कि नगर का विकास तभी सार्थक है, जब प्रत्येक वार्ड के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलें और उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र की जरूरतों को समझकर सुविधाओं का विस्तार करना भी जरूरी है।
उन्होंने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग करने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
क्षेत्रीय पार्षद सरला मिश्रा ने सड़क निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर महापौर और नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों सड़कों के निर्माण से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. सुनील द्विवेदी, संतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

































































































Leave a Reply