बिलहरी नाका सहित कई स्थानों पर चेकिंग: ड्रिंक एंड ड्राइव पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, 16 वाहन चालकों के चालान

कटनी। शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कटनी यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। 15 नवंबर को बिलहरी नाका सहित विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर चलाए गए अभियान के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के तीन मामलों में वाहन जब्त किए गए। वहीं, ओवरलोडिंग के एक मामले में भी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, तीनों वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इनमें वाहन क्रमांक DL-1-LR-9214 के चालक गजराज सिंह (52 वर्ष), MP-21-G-2776 के चालक सोनू कुशवाहा (30 वर्ष) और MP-13-ZH-4198 के चालक विकास कुमार यादव (26 वर्ष) शामिल हैं।

इसके अलावा वाहन क्रमांक MP-21-G-2683 पर ओवरलोडिंग के मामले में कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने अव्यवस्थित पार्किंग, निर्धारित ऊंचाई से अधिक भार लादने, वाहन पर नियमानुसार पंजीयन क्रमांक प्रदर्शित नहीं करने और यातायात बाधित करने के मामलों में कुल 16 चालानी कार्रवाई भी की।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। कार्रवाई थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक राजकुमार झारिया, अभिनव शुक्ला और यातायात पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।

कटनी पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, क्षमता और निर्धारित ऊंचाई से अधिक भार नहीं लादने, निर्धारित स्थान पर पार्किंग करने तथा वाहनों पर पंजीयन क्रमांक स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने की अपील की है। पुलिस ने यातायात बाधित नहीं करने और नियमों का पालन करने की भी हिदायत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *