जनमत हिन्दी। कटनी में पीपीपी मॉडल के स्थान पर पूर्ण शासकीय मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर केएसी संस्था का गैर-राजनैतिक छात्र धरना जारी है। बुधवार को कांग्रेस के युवा नेता दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने धरना स्थल पहुंचकर छात्रों को समर्थन दिया और सत्ता पक्ष पर निशाना साधा।दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने कटनी में शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना नहीं होने को सांसद वीडी शर्मा और विधायक संदीप जायसवाल की राजनीतिक विफलता बताया। उन्होंने कहा कि कटनी की जनता और छात्रों की वर्षों पुरानी मांग के बावजूद अब तक शासकीय मेडिकल कॉलेज की दिशा में ठोस पहल नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान कटनी में शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना के नाम पर जनता से वोट लिए गए, लेकिन बाद में पीपीपी मॉडल लागू किया जा रहा है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन और आरकेडीएफ से संबंधित आरोपों का भी उल्लेख किया तथा कहा कि क्षेत्रीय भाजपा नेता इसका विरोध करने से घबरा रहे हैं।दिव्यांशु मिश्रा ने दावा किया कि अन्य जिलों में संबंधित संस्था द्वारा संचालित पीपीपी मॉडल के मेडिकल कॉलेजों की स्थिति भी सामने है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कार्यकर्ता पीपीपी मॉडल के मेडिकल कॉलेज की विशेषताएं बताकर जनता में भ्रम पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के सामने इस मामले की वास्तविक स्थिति रखने का प्रयास करेगा।उन्होंने कहा कि विपक्ष के छात्र संगठन ने पिछले दस वर्षों में कई प्रभावी आंदोलन किए हैं। शासकीय मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष किया गया है। वरिष्ठ विधायक लखन घनघोरिया के माध्यम से भी मध्यप्रदेश विधानसभा में इस मांग को लगातार उठाया गया है और आगे भी उठाया जाएगा।दिव्यांशु मिश्रा ने कहा कि कटनी को पीपीपी मॉडल नहीं, बल्कि ऐसा पूर्ण शासकीय मेडिकल कॉलेज चाहिए, जिसका लाभ सीधे कटनी की जनता और विद्यार्थियों को मिले। उन्होंने धरने पर बैठे छात्रों को भरोसा दिलाया कि विपक्ष छात्रों और कटनी की जनता के साथ खड़ा है तथा शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखा जाएगा।धरने के दौरान कमल पांडे, राजेश जाटव, सचिन गर्ग, राहुल यादव, प्रशांत जैन और सिद्धार्थ जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
शासकीय मेडिकल कॉलेज की मांग: युवा कांग्रेस ने दिया समर्थन, धरना स्थल पहुंचे कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा अंशु

































































































Leave a Reply