किसना ज्वेलर्स में 12 करोड़ की चोरी का CCTV फुटेज आया सामने: एक घंटे तक शोरूम में रहे बदमाश, गैस कटर से काटी तिजोरी

जनमत हिन्दी। कटनी के बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स शोरूम में करीब 12 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के जेवर चोरी करने वाले बदमाश लगभग एक घंटे तक अंदर रहे। शुक्रवार को वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें एक नकाबपोश बदमाश पाना और पेचकस लेकर शोरूम में घुसता दिखाई दे रहा है, जबकि बाहर मौजूद उसका साथी उसे चोरी के औजार उपलब्ध कराता नजर आ रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, वारदात को चार युवकों ने अंजाम दिया है।सामने आए फुटेज में शोरूम के अंदर घुसा बदमाश औजारों की मदद से लॉक या काउंटर खोलने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए शोरूम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।बदमाशों ने शोरूम की पिछली दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद कर अंदर जाने का रास्ता बनाया था। शोरूम संचालक मोहन बजाज के अनुसार, दीवार के टूटे हिस्से के नीचे पत्ते बिछाए गए थे, ताकि अंदर घुसते समय और सिलेंडर सरकाने के दौरान आवाज न हो। इसके बाद बदमाश शोरूम में दाखिल हुए और जेवरों को निशाना बनाया।पुलिस को शोरूम से करीब 300 मीटर दूर लाल पहाड़ी से गैस कटर, बड़ा ऑक्सीजन सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर, पानी की खाली बोतलें, पेचकस, पाना और कुछ कपड़े मिले थे। आशंका है कि बदमाशों ने गैस कटर से तिजोरी काटकर उसमें रखे आभूषण निकाले और फरार हो गए।दिवाली के कारण शोरूम में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक ज्वेलरी का स्टॉक रखा हुआ था। संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, शोरूम इसी साल जून में शुरू हुआ था और वहां रखे सभी आभूषणों का बीमा कराया गया था।पुलिस ने शुरुआती जांच में चोरी का संभावित समय 12 नवंबर की सुबह 4 से 7 बजे के बीच बताया था। फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके से साक्ष्य जुटा चुके हैं। सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी से भी पूछताछ की गई थी।माधवनगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *