जनमत हिन्दी। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर पालिक निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम अधिकारियों एवं संबंधित अमले के साथ गाटर घाट, हनुमान घाट, माई नदी घाट सहित विभिन्न कृत्रिम विसर्जन कुंडों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने कृत्रिम विसर्जन कुंडों की स्थिति, प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन की व्यवस्था, पहुंच मार्ग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं पहले से पूर्ण एवं व्यवस्थित रहें। इसके लिए स्थलवार जिम्मेदारियां तय कर लगातार निगरानी करने को कहा।महापौर ने विसर्जन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सफाई अमला तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में नागरिकों की आवाजाही को देखते हुए विसर्जन के दौरान सफाई व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए। कुंडों के आसपास कचरा एकत्रित न हो और विसर्जन के बाद तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों और संसाधनों की उपलब्धता रखने के निर्देश भी दिए।उन्होंने पूजा सामग्री और निर्माल्य के व्यवस्थित संकलन पर भी जोर दिया। अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर निर्माल्य एवं अन्य पूजन सामग्री के लिए पृथक संकलन व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि पूजा सामग्री एवं निर्माल्य को कुंड या अन्य जलस्रोतों में न डालें, बल्कि निगम द्वारा संचालित पूजा स्पेशल वाहन में दें, ताकि इसका उचित संकलन एवं प्रबंधन किया जा सके।महापौर ने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बेरीकेडिंग, भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन, पर्याप्त प्रकाश तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं सहायता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थल पर तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं का सहयोग करें और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें।उन्होंने कृत्रिम विसर्जन कुंडों तक पहुंचने वाले मार्गों और प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि देर शाम तक प्रतिमा विसर्जन के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो। महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निगम द्वारा निर्धारित कृत्रिम और चलित विसर्जन कुंडों में ही करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी, तालाब एवं अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रतिमाओं का विसर्जन न करें। उनके अनुसार निगम की वैकल्पिक व्यवस्था का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करना है। महापौर ने अधिकारियों को विसर्जन से पूर्व सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने और प्रत्येक स्थल का पुनः निरीक्षण करने के निर्देश दिए। विसर्जन के दिन भी अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य गणेश प्रतिमा विसर्जन को व्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।निरीक्षण के दौरान पार्षद सीमा श्रीवास्तव, वंदना यादव सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
गणेश विसर्जन को लेकर तैयारियां तेज: गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा, कृत्रिम कुंडों में विसर्जन की अपील

































































































Leave a Reply