चलती वैन से सड़क पर गिरा मासूम: जिंदगी और मौत के बीच जंग में हारा ‘जीत’, सुरक्षा मानकों पर सवाल

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में चलती तूफान वैन का दरवाजा अचानक खुलने से 10 वर्षीय छात्र सड़क पर गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार टीकर निवासी दिनेश यादव का 10 वर्षीय पुत्र जीत यादव द्वारिका स्कूल में कक्षा तीसरी में पढ़ता था। वह रोजाना की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद तूफान वैन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में चलती वैन का दरवाजा अचानक खुल गया। दरवाजा खुलने से जीत अनियंत्रित होकर वाहन से सड़क पर जा गिरा। हादसे में छात्र के शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल बच्चे को तत्काल नजदीकी शासकीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में मातम छा गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के निजी शिक्षण संस्थानों में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस और स्कूली वाहनों से जुड़े सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है।  उनका आरोप है कि कई वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिए मजबूत लॉक सिस्टम तक नहीं है। अभिभावकों का यह भी आरोप है कि बच्चों की देखरेख के लिए स्कूली वाहनों में परिचालक (अटेंडेंट) की तैनाती नहीं की जाती। इसके अलावा अनफिट और ओवरलोड वाहनों के जरिए बच्चों का परिवहन किए जाने की बात भी कही गई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ऐसी स्थिति के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने मौके और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाहन चालक की लापरवाही, वाहन की फिटनेस और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ वैधानिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल छोड़ गया है। खासतौर पर चलती वैन का दरवाजा खुलने और छात्र के बाहर गिरने की घटना ने वाहन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा दिए हैं। वाहनों के फिटनेस की जांच नहीं होने से भी ऐसे हादसे हो रहे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *