भाजपा ने देश को कर्ज में डुबोया: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने साधा सरकार पर निशाना, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और वादाखिलाफी पर भाजपा को घेरा

जनमत हिन्दी। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत कटनी पहुंचे मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है, जबकि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। पत्रकारों से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में शायद ही कोई ऐसा सरकारी कार्यालय बचा हो, जहां बिना पैसे के आम नागरिक का काम हो सके। आए दिन रिश्वतखोरी से जुड़े वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं, जो सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किए गए वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम इसका स्पष्ट प्रमाण हैं। जनता ने भाजपा को सत्ता से हटाकर यह संदेश दिया है कि वह बदलाव चाहती है और कांग्रेस संगठन पर भरोसा जता रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि दतिया उपचुनाव में भाजपा ने लगभग 50 करोड़ रुपए खर्च किए और 20 मंत्रियों की ड्यूटी लगाई, इसके बावजूद जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर भाजपा को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता का फैसला पूरे प्रदेश की जनभावना को दर्शाता है।  जीतू पटवारी ने बताया कि वह जल्द ही दोबारा जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा, ताकि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके। छात्रों के आंदोलन और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब देश के बच्चों और उनकी शिक्षा की सुरक्षा का सवाल आया तो राहुल गांधी ने गैर-राजनीतिक भाव से आगे बढ़कर उनकी आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ अलग-अलग प्रकार की यातनाएं हुईं, जिसके विरोध में कांग्रेस ने उनका साथ दिया।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *