कैमोर मुख्य मार्ग पर गड्ढों का तालाब: राहगीरों की बढ़ी परेशानी, हादसों का खतरा

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के कैमोर मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत देवरी मझगवां के पास सड़क की स्थिति खराब हो गई है। सड़क पर बने छोटे गड्ढे बारिश के बाद तालाब जैसी आकृति में बदल गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश शुरू होने से पहले ही सड़क की खराब स्थिति और गड्ढों की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर ध्यान नहीं दिया गया।
लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इसके चलते प्रतिदिन ऑटो और दोपहिया वाहन चालक गिर रहे हैं। छोटी कारों के पहिए भी इन गड्ढों में डूब जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की स्थिति पहले से खराब होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग ने समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई। उनका कहना है कि बारिश से पहले प्रशासन और संबंधित विभाग को समस्या की जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि वाहनों और राहगीरों का आवागमन सुरक्षित हो सके और हादसों की आशंकाओं को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *