दाधिकांदोत्सव शोभायात्रा: पुलिस अधिकारियों ने जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

जनमत हिन्दी। रविवार 6 सितम्बर कटनी में आयोजित होने वाली दाधिकांदोत्सव शोभायात्रा के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों ने शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय, निरीक्षक अनूप सिंह थाना प्रभारी यातायात, थाना प्रभारी कुठला अखिलेश दाहिया, निरीक्षक रीतेश शर्मा, निरीक्षक सुरेन्द्र शर्मा सहित पुलिस बल ने शोभायात्रा के संपूर्ण निर्धारित मार्ग का पैदल भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस के अनुसार, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने, श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत सूचनाओं पर विश्वास करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *