जनमत हिन्दी। कटनी जिले में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से चल रहे अवैध देह व्यापार के मामले में महिला थाना पुलिस ने हनी गुप्ता (27) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी स्पा सेंटरों के संचालन में पर्दे के पीछे रहकर भूमिका निभाता था और वहां लड़कियां उपलब्ध कराता था। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर मामले की जांच कर रही हैं। 20 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वर्षा सोनकर के नेतृत्व में पुलिस ने बरगवां स्थित नेचुरल थाई स्पा और अवा स्पा सेंटर पर छापेमारी की थी। पुलिस के अनुसार मौके से कई लड़के और लड़कियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले थे। इस मामले में पहले ही लगभग 10 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस की जांच के मुताबिक, हनी गुप्ता पिछले दो से तीन वर्षों से इस कथित अवैध कारोबार से जुड़ा था। वह नाम बदलकर अलग-अलग स्पा सेंटरों के संचालन में पर्दे के पीछे से भूमिका निभाता था। पुलिस ने उसके पास से लेनदेन के हिसाब-किताब से जुड़ी रसीदें और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस इनसे मिले सुरागों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस पूछताछ और अब तक मिले साक्ष्यों के मुताबिक, आरोपी असम, बंगाल, राजस्थान, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों से लड़कियों को कटनी बुलवाता था। पुलिस का दावा है कि इन लड़कियों को स्पा सेंटरों में काम के बदले वेतन नहीं दिया जाता था, बल्कि केवल रहने और खाने की सुविधा मिलती थी।जांच में यह भी सामने आया है कि स्पा सेंटरों का संचालन कथित तौर पर सफाईकर्मियों या अन्य कर्मचारियों के नाम पर किया जाता था, जबकि वास्तविक संचालक पर्दे के पीछे रहते थे। पुलिस अब हनी गुप्ता के मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
देह व्यापार रैकेट का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार: बरगवां के दो स्पा सेंटरों पर हुई थी छापेमारी, मोबाइल और लेनदेन की रसीदें जब्त






























































































Leave a Reply