स्लीमनाबाद टनल से खेती को मिलेगी नई गति : बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किसानों से किया संवाद, कृषि नवाचारों और नरवाई प्रबंधन पर जोर

जनमत हिन्दी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि स्लीमनाबाद टनल के पूर्ण होने और बरगी बांध की नहर से कटनी जिले में पानी पहुंचने से कृषि क्षेत्र में बड़े बदलाव आएंगे। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से खेती को नई गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने के अवसर विकसित होंगे। वे बुधवार को कटनी कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को इंदौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।  मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी, श्रीअन्न उत्पादन, पशुपालन और फसल विविधीकरण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। उन्होंने किसानों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए गोवर्धन पूजा का पर्व धूमधाम से मनाने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा घाटी की सिंचाई परियोजनाओं से मालवा और निमाड़ में कृषि का विस्तार हुआ है। इसी तरह सतना और कटनी क्षेत्र में भी कृषि विकास की संभावनाओं को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कटनी में चिया सीड और अश्वगंधा जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती के साथ काजू प्रसंस्करण की शुरुआत को उन्होंने सकारात्मक संकेत बताया। मुख्यमंत्री ने जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद कर उनके कृषि नवाचारों, स्वरोजगार और खेती के अनुभवों की जानकारी ली। बहोरीबंद विकासखंड के ग्राम पथराड़ी पिपरिया के किसान गोविंद पटेल ने बताया कि वे कृषि अभियांत्रिकी विभाग से अनुदान पर हैप्पी सीडर लेकर नरवाई प्रबंधन कर रहे हैं।  इसकी कीमत 1 लाख 90 हजार रुपये है, जिस पर उन्हें 90 हजार रुपये की छूट मिली। वे आसपास के किसानों को भी नरवाई प्रबंधन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।  ग्राम चरगवां के संदीप तिवारी ने चिया की खेती से होने वाली आय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में कृषि विभाग की आत्मा परियोजना की मदद से आधा एकड़ में चिया की खेती कर दो क्विंटल उत्पादन लिया, जिसे 40 हजार रुपये में बेचा। वर्ष 2025 में तीन एकड़ में खेती से 12 क्विंटल उत्पादन मिला और इसे 2 लाख 40 हजार रुपये में बेचा। अब उनका लक्ष्य आसपास के 100 किसानों को चिया की खेती के लिए प्रेरित करना है।  ग्राम देवडोंगरा के रामरूप पटेल ने बताया कि वे आठ एकड़ में चिरौंजी, चीकू, धान सहित विभिन्न फसलों की समन्वित खेती कर रहे हैं। इसमें एक एकड़ में एक हजार पपीते के पेड़ और एक एकड़ में टमाटर व मिर्च की खेती शामिल है। उन्हें कृषि विभाग से ड्रिप सिंचाई सुविधा पर अनुदान भी मिला है। उन्होंने बताया कि उन्होंने बीएससी की पढ़ाई की है। उनका बेटा कोटा में नीट की तैयारी कर रहा है और बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ती है। ग्राम चिखला, रीठी के किसान अशोक मिश्रा ने बताया कि वे 6-7 एकड़ में समन्वित खेती के साथ पशुपालन कर रहे हैं। कृत्रिम गर्भाधान और सेक्स सॉर्टेड सीमन तकनीक से उनके पास उन्नत नस्ल की 10 भैंसें हैं। उन्होंने दुग्ध समृद्धि अभियान से मिले लाभ की जानकारी भी दी।  मुख्यमंत्री ने कलेक्टर आशीष तिवारी से जिले में कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 429 किसानों को अनुदान पर हैप्पी सीडर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। किसानों को फसल अवशेष जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *