स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी निलंबित: गौशाला, सफाई और आवारा पशुओं के नियंत्रण में खामियों पर निगमायुक्त की कार्रवाई

जनमत हिन्दी, कटनी, 23 अक्टूबर। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने स्वास्थ्य अधिकारी संजय कुमार सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में अमीरीगंज गौशाला की व्यवस्थाओं, आवारा पशुओं के नियंत्रण, शहर की साफ-सफाई और विभागीय कार्यों की निगरानी में कमियों के साथ समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों का समय-सीमा में पालन नहीं किए जाने का उल्लेख किया गया है।

आदेश के अनुसार, अमीरीगंज गौशाला में पशुओं की स्थिति, चारा-पानी, उपचार और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें मिलने तथा समाचार सामने आने के बाद स्वास्थ्य अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनका जवाब असंतोषजनक पाए जाने के बाद कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और उदासीनता को गंभीरता से लिया गया।

आदेश में विभागीय कर्मचारियों के वेतन देयकों को बिना परीक्षण अनुशंसित करने, अधीनस्थ श्रमिकों के वेतन भुगतान में देरी और टीएल तथा विभागीय समीक्षा बैठकों में अपेक्षित जानकारी के साथ उपस्थित नहीं होने का भी उल्लेख है।

आवारा पशुओं और सफाई व्यवस्था में कमियों का उल्लेख

आदेश के मुताबिक, आवारा मवेशियों के नियंत्रण, कांजी हाउस की व्यवस्था, वार्डों की सफाई, आवारा कुत्तों की रोकथाम, बंदरों को पकड़ने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण जैसे दायित्वों में अपेक्षित सुधार नहीं मिला। इन विषयों पर पहले भी कई बार कारण बताओ सूचना-पत्र जारी किए गए थे।

आदेश में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। निलंबन अवधि में सोनी को नगर निगम के जोन क्रमांक 4 स्थित माधव नगर उप कार्यालय में संबद्ध किया गया है। इस अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।

आगामी आदेश तक स्वास्थ्य अधिकारी का प्रभार स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनोजिया को सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *