जनमत हिन्दी, कटनी। रेलवे में कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद प्रति कर्मचारी 1,500 रुपए रिश्वत मांगने के आरोप में न्यू कटनी जंक्शन में पदस्थ वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अजयवीर सिंह को सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जबलपुर की टीम ने 45 हजार रुपए लेते गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने 5 नवंबर की रात ट्रैप कार्रवाई कर रिश्वत की रकम बरामद की। शुक्रवार, 6 नवंबर को आरोपी को जबलपुर की सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 12 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
श्याम मुखर्जी वार्ड निवासी शशांक कुशवाहा ने अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की लिखित शिकायत सीबीआई से की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह रेलवे में ठेकेदार हैं और उनके कई कर्मचारी स्टेशन पर काम करते हैं। कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद अजयवीर सिंह ने प्रति कर्मचारी 1,500 रुपए के हिसाब से रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के सत्यापन के लिए 4 नवंबर को सीबीआई के उपनिरीक्षक आयुष कुमार ने स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में जांच की। इस दौरान अधिकारी द्वारा 45 हजार रुपए की रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद 5 नवंबर की रात सीबीआई एसीबी जबलपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
ट्रैप कार्रवाई से पहले कटनी पुलिस लाइन में स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तैयारी की गई। शिकायतकर्ता के पिता तेजराम कुशवाहा ने 500 रुपए के 90 नोट, कुल 45 हजार रुपए, टीम को उपलब्ध कराए। इसके बाद सीबीआई ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
सीबीआई के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने तेजराम कुशवाहा से 45 हजार रुपए की मांग कर रकम स्वीकार कर ली। तय संकेत मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक आधार बताने के बाद आरोपी का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे जबलपुर की सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।






























































































Leave a Reply