जनमत हिन्दी। मध्य प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स के इस्तेमाल को लेकर अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नई 24-बिंदु सोशल मीडिया गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत पुलिसकर्मियों को सरकारी, गोपनीय और संवेदनशील दस्तावेज ChatGPT, Gemini जैसे AI प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने से स्पष्ट रूप से रोक दिया गया है।मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का उद्देश्य पुलिस विभाग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी, दस्तावेजों और ऑपरेशनल गतिविधियों की गोपनीयता बनाए रखना है। गाइडलाइन के अनुसार ऐसे सरकारी दस्तावेज या सूचनाएं, जिन्हें सरकारी नियमों के तहत गोपनीय रखना आवश्यक है या जो सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील हैं, उन्हें स्कैन, स्क्रीनशॉट या सोशल मीडिया पर साझा नहीं किया जाना चाहिए। इन्हें AI टूल्स पर भी अपलोड करने की अनुमति नहीं होगी।नई गाइडलाइन केवल AI टूल्स के इस्तेमाल तक सीमित नहीं है। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी, संवेदनशील स्थानों, छापेमारी, हथियार प्रशिक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य ऑपरेशनल गतिविधियों से संबंधित फोटो, वीडियो या जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने को लेकर भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।गाइडलाइन में पुलिसकर्मियों को वर्दी में रील, फोटो या वीडियो बनाने तथा विभागीय संसाधनों का इस्तेमाल व्यक्तिगत प्रचार या प्रसिद्धि के लिए करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। विभागीय उपलब्धियों को व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में प्रचारित करने से भी बचने को कहा गया है।इसके अलावा पुलिसकर्मियों को सरकारी नीतियों और विभागीय मामलों पर सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसी टिप्पणी करने से बचने के निर्देश दिए गए हैं, जिसे विभाग की आधिकारिक राय माना जा सकता है।संवेदनशील जांच, लंबित मामलों, पीड़ितों, गवाहों और अन्य संरक्षित व्यक्तियों की पहचान या जानकारी सार्वजनिक करने पर भी रोक लगाई गई है।पुलिस की यह नई गाइडलाइन ऐसे समय में आई है, जब AI आधारित टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। गाइडलाइन का मुख्य संदेश यह है कि सुविधा के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले डिजिटल और AI प्लेटफॉर्म पर सरकारी या संवेदनशील जानकारी साझा करते समय गोपनीयता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
MP पुलिस की नई सोशल मीडिया गाइडलाइन: ChatGPT और Gemini पर सरकारी दस्तावेज अपलोड नहीं कर सकेंगे पुलिसकर्मी, वर्दी में रील बनाने पर भी रोक

































































































Leave a Reply