यातायात सुधारने के इंतजाम बने जाम की वजह: चांडक चौक पर लगी वाहनों की कतार, स्टॉपर-बैरियर लगाकर भूला यातायात अमला

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के व्यस्त चांडक चौक पर यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। यातायात नियंत्रित करने के लिए लगाए गए स्टॉपर और बैरिकेड्स से वाहनों की आवाजाही सुगम होने के बजाय बाधित हो रही है। गुरुवार को यहां एक घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चौक पर रोजाना जाम की स्थिति बनती है। इसका असर राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद घर लौटने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

गुरुवार को जाम के दौरान मौके पर यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी। वाहन चालक और राहगीर काफी देर तक जाम में फंसे रहे।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यातायात अमला और जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उनका कहना है कि यातायात सुधारने के उद्देश्य से लगाए गए स्टॉपर और बैरिकेड्स की व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।

नागरिकों और वाहन चालकों ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने, व्यस्त समय में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *