जनमत हिन्दी। रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में 50 लाख 15 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क और सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। महापौर प्रीति संजीव सूरी की पहल पर स्वीकृत इन विकास कार्यों का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला (भुट्टू) यादव, एमआईसी सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वार्ड की कन्याओं के हाथों कराया गया।
इन कार्यों में सड़क निर्माण के लिए 25 लाख 31 हजार रुपये और सामुदायिक भवन के लिए 24 लाख 84 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। निर्माण से वार्ड में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ स्थानीय नागरिकों को सामाजिक और मांगलिक आयोजनों के लिए स्थान उपलब्ध होगा।
दो स्थानों पर बनेगी सीसी सड़क
वार्ड में पड़रवारा शासकीय स्कूल से बल्लू नाई के घर तक और आदिवासी बस्ती में सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए लगभग 25 लाख 31 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। पक्की सड़क बनने से स्थानीय रहवासियों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सामुदायिक आयोजनों के लिए बनेगा भवन
वार्ड में 24 लाख 84 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों को सामाजिक और मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थान मिल सकेगा। महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि भवन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब परिवारों को ऐसी सुविधा उपलब्ध कराना है, जिन्हें आर्थिक तंगी के कारण अपने घरों में छोटे-मोटे मांगलिक कार्यक्रम या सामाजिक बैठकें आयोजित करने में परेशानी होती है। उनके मुताबिक, भवन से सभी वर्गों के नागरिक अपने आयोजन सम्मान और सहजता के साथ कर सकेंगे।
पार्षद ने जताया आभार
पार्षद विनोद लाला (भुट्टू) यादव ने कहा कि सड़क और सामुदायिक भवन दोनों कार्य वार्ड के लिए महत्वपूर्ण हैं। सड़क बनने से आवागमन आसान होगा, जबकि सामुदायिक भवन उन परिवारों के लिए उपयोगी होगा, जिन्हें निजी स्तर पर सामाजिक और मांगलिक कार्यक्रम आयोजित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने महापौर और नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






























































































Leave a Reply