जनमत हिन्दी। कार्यादेश जारी होने के बाद भी निर्धारित समय-सीमा में अनुबंध निष्पादित नहीं करना नगर निगम के दो ठेकेदारों को भारी पड़ गया। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने दोनों ठेकेदारों की स्वीकृत निविदाएं निरस्त कर उनकी जमा अमानत राशि राजसात करने के आदेश दिए हैं। साथ ही दोनों को आगामी दो वर्षों तक नगर निगम कटनी की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया है।
जिन ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें गणेश प्रसाद मसुरहा वार्ड में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए मेसर्स लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स और इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4 के चौधरी मोहल्ला कुठला में सीसी नाली निर्माण कार्य के लिए मेसर्स राज कंस्ट्रक्शन शामिल हैं।
निविदा शर्तों के अनुसार दोनों ठेकेदारों को परफॉर्मेंस गारंटी और अतिरिक्त परफॉर्मेंस गारंटी की राशि जमा करने के बाद 15 दिनों के भीतर अनुबंध निष्पादित करना था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद दोनों ने अनुबंध की प्रक्रिया पूरी नहीं की।
निगम प्रशासन ने इस संबंध में 3 जुलाई 2026 को दोनों ठेकेदारों को अलग-अलग पत्र जारी कर सात दिनों के भीतर अनुबंध निष्पादित करने का अंतिम अवसर दिया था। पत्र में चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय में अनुबंध नहीं करने पर निविदा निरस्त करने, अमानत राशि राजसात करने और भविष्य में निगम की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद ठेकेदारों ने अनुबंध प्रक्रिया पूरी नहीं की।
लगातार अवसर दिए जाने के बाद भी अनुबंध निष्पादित नहीं करने और इससे स्वीकृत निर्माण कार्य प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए निगमायुक्त ने दोनों मामलों में कार्रवाई के आदेश दिए। इसके तहत निविदाएं निरस्त कर जमा अमानत राशि राजसात की गई है। मध्यप्रदेश शासन के आदेश के प्रावधानों के तहत दोनों ठेकेदारों को दो वर्ष तक नगर निगम कटनी की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित किया गया है।






























































































Leave a Reply