जनमत हिन्दी। कटनी से उमरिया के बीच सड़क को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए एनएचएआई ने 52.41 करोड़ रुपए के टेंडर जारी किए हैं। मंगलवार को जारी किए गए इन टेंडरों में सड़क सुधार के साथ पांच साल तक उसके रखरखाव की व्यवस्था शामिल है। नई व्यवस्था में ठेकेदार की जिम्मेदारी केवल गड्ढे भरने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे मार्ग को तय मानकों के अनुसार बेहतर स्थिति में बनाए रखना होगा।
अक्सर मरम्मत के कुछ समय बाद सड़क दोबारा खराब हो जाती है। इस बार ठेकेदार को पांच साल तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी दी जाएगी। सड़क पर गड्ढे, दरार या डामर उखड़ने जैसी समस्या आने पर तय मानकों के अनुसार सुधार करना होगा।
सड़क के किनारों के धंसने और कटाव की भी मरम्मत की जाएगी। बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा न हो, इसके लिए नालियों की सफाई और मरम्मत की जाएगी। इस व्यवस्था में सड़क की सतह के साथ उसके किनारों की स्थिति बेहतर बनाए रखने पर जोर रहेगा।
मार्ग में आने वाले पुल और पुलियों की नियमित सफाई और मरम्मत की जाएगी। क्षतिग्रस्त रेलिंग और पैरापेट वाल को भी दुरुस्त करना होगा। इसके अलावा क्रैश बैरियर, कर्व, रोड मार्किंग, किलोमीटर स्टोन और सड़क संकेतकों को भी सही स्थिति में रखना ठेकेदार की जिम्मेदारी होगी।
सड़क किनारे जमा मलबे और अन्य रुकावटों को भी नियमित रूप से हटाना होगा। इससे वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर रखने का प्रयास होगा।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद कुमार ने बताया कि कटनी से उमरिया के बीच सड़क सुधार के टेंडर जारी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को सड़क, शोल्डर और जल निकासी व्यवस्था के साथ क्षतिग्रस्त हिस्सों का भी पांच साल तक रखरखाव करना होगा।
इस व्यवस्था के तहत सड़क की मरम्मत के बाद उसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी ठेकेदार की रहेगी। सड़क की सतह, किनारों, जल निकासी, पुल-पुलियों और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हिस्सों को तय मानकों के अनुसार बनाए रखने पर जोर रहेगा।

































































































Leave a Reply