कटनी में सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ: जन-जन तक पहुंचाया जाएगा विकसित भारत का संदेश, शामिल हुई राज्यसभा सांसद

जनमत हिन्दी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कटनी जिले में सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों—बड़वारा, मुड़वारा, बहोरीबंद और विजयराघवगढ़ से होकर गुजरेगी। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा और विकसित भारत के निर्माण का संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम से पहले नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन वर्चुअली देखा और सुना। इस दौरान विकसित भारत के लक्ष्य, जनभागीदारी, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचार नागरिकों तक पहुंचाए गए।
कार्यक्रम स्थल पर जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित ‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश : कटनी जिले की विकास गाथा’ पुस्तिका का वितरण किया गया। पुस्तिका को लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, श्रीमती अल्का जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
सेवा और समर्पण का संदेश
सेवा ज्योति कलश यात्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घकालीन सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से देशसेवा के संकल्प को समर्पित बताया गया। यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी और नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का संदेश देगी। यात्रा के वाहन से सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
सांसद ने दिलाई विकसित भारत की शपथ
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीक ने उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने नागरिकों से देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने और सेवा भावना के साथ समाजहित तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सामूहिक संकल्प से पूरा होगा।
चारों विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी यात्रा
सेवा ज्योति कलश यात्रा बड़वारा, मुड़वारा, बहोरीबंद और विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों को अभियान से जोड़ने और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *