दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं: एक साथ उठीं परिवार के छह सदस्यों की अर्थियां, फटा पाइप, कम पानी और देर से पहुंची दमकल

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बरही में दिवाली की रात तीन मंजिला मकान में लगी आग ने एक ही परिवार के छह लोगों की जान ले ली। मृतकों में दो महीने का मासूम भी शामिल है। हादसे के बाद नगर परिषद की दमकल व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पहली दमकल मौके पर पहुंची। गाड़ी में पानी कम था और उसका पाइप भी फटा हुआ था। उनका कहना है कि दमकल समय पर पहुंचती और ठीक हालत में होती तो परिवार के सदस्यों की जान बच सकती थी।बरही निवासी दुर्गा प्रसाद अग्रवाल ने हादसे के लिए नगर पंचायत को जिम्मेदार ठहराया है। उनके जीजा पूरन अग्रवाल के मकान में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे आग लगी थी। आग इतनी भीषण थी कि शवों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी से पड़ोसी की दीवार तोड़नी पड़ी।

दुकान से उठीं लपटें, सीढ़ियों तक पहुंची आग

पूरन अग्रवाल (77) करीब दो साल पहले ही बरही में रहने आए थे। इससे पहले वे मेन बाजार स्थित अपने पुश्तैनी मकान में रहते थे। तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर ग्रॉसरी और क्रॉकरी की दुकान थी, जबकि ऊपर की दो मंजिलों में परिवार रहता था।परिवार में पूरन की पत्नी चंद्रकला, बड़ी बहू दीपिका और उसकी बेटियां आर्या (14) और अन्वी (6) थीं। छोटे बेटे रितेश, उसकी पत्नी पूनम और दो महीने के बेटे अर्वी भी इसी मकान में रहते थे। पूरन के बड़े बेटे शालू अग्रवाल की 2024 में होली के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी कार पलट गई थी। रविवार रात दिवाली की पूजा के बाद परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। रात करीब 12 बजे दीपिका को कुछ जलने की गंध आई। बाहर देखने पर दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। उसने तत्काल रितेश को फोन किया। रितेश नीचे की ओर भागा और दीपिका भी वहां पहुंच गई। दुकान में प्लास्टिक का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने सीढ़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। पूरन, चंद्रकला, आर्या और अन्वी दूसरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि पूनम अपने दो महीने के बेटे अर्वी के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में थी। आग फैलने के कारण परिवार के बाकी सदस्य मकान के अंदर ही फंस गए।

पहली दमकल के पाइप में खराबी का आरोप

पूरन के भाई प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि आग देखकर रितेश ने दुकान का शटर खोला और दीपिका को आवाज लगाकर मशीन चालू करने के लिए कहा। उस समय दोनों बाहर थे, इसलिए उनकी जान बच गई। प्रदीप का आरोप है कि दमकल की पहली गाड़ी से करीब आधे घंटे तक पानी डाला गया, जिसके बाद टैंक खाली हो गया। उसका पाइप भी फटा हुआ था। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। परिवार के एक अन्य सदस्य सुधीर अग्रवाल ने कहा कि फायर ब्रिगेड के पाइप जगह-जगह से फटे थे। इस वजह से पानी तेज दबाव से नहीं निकल रहा था। उनका कहना है कि दमकल व्यवस्था में लापरवाही नहीं होती तो परिवार के सदस्यों की जान बचाई जा सकती थी।

विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी से पहुंचीं दमकलें

परिजनों के मुताबिक, सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद बरही नगर परिषद की पहली दमकल मौके पर पहुंची। इसके बाद विजयराघवगढ़ नगर परिषद की दूसरी दमकल करीब 2 बजे पहुंची। फिर कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकलें भी मौके पर आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सुबह करीब 5:30 बजे आग पर काबू पाया जा सका।

कलेक्टर ने जांच के लिए टीम बनाने की बात कही

कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। दमकल का पाइप फटा होने की शिकायत की जांच के लिए टीम बनाई जा रही है। इसके अलावा भी कोई कमी सामने आती है तो उसे ठीक किया जाएगा। सभी फायरमैन को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए नागपुर के फायर इंस्टीट्यूट भेजा जाएगा।वहीं, सीएमओ आशीष मरावी ने दमकल में खराबी के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड पूरी तरह दुरुस्त थी और पाइप फटा होने की बात अफवाह है। उनके मुताबिक, दमकल समय पर मौके पर पहुंच गई थी।

एक साथ उठीं छह अर्थियां

सभी छह शवों का पोस्टमॉर्टम बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। परिवार के छह सदस्यों की अर्थियां एक साथ निकलीं तो अंतिम संस्कार में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरन, चंद्रकला और पूनम का अंतिम संस्कार चिता पर किया गया, जबकि तीनों बच्चों के शव दफनाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *