जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम परिषद की स्थगित बैठक में नियम 17 के तहत पार्षदों द्वारा लगाए गए प्रश्नों पर चर्चा हुई। इस दौरान कचरा संग्रहण और निष्पादन व्यवस्था, राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, योजना क्रमांक 17 और जन्म-मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर पार्षदों ने सवाल उठाए।
वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन ने आरोप लगाया कि उन्होंने अगस्त में अतिक्रमण विभाग की गतिविधियों को लेकर प्रश्न लगाया था, लेकिन उसे चर्चा में शामिल नहीं किया गया और न ही उसका जवाब दिया गया। इस पर महापौर ने अध्यक्ष की व्यवस्था के तहत आश्वस्त किया कि प्रश्न को आगामी बैठक में शामिल किया जाएगा।
मिथलेश जैन के पत्र के आधार पर कटनी एमएसडब्ल्यू के कामकाज पर भी चर्चा हुई। जैन ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा कचरा संग्रहण का काम ठीक से नहीं किया जा रहा है। उसके वाहन कंडम हो चुके हैं और नए वाहन नहीं खरीदे जा रहे हैं। शहर में कचरा दान नहीं रखे जा रहे तथा कचरे का निष्पादन भी सही तरीके से नहीं हो रहा है।
अध्यक्ष के निर्देश पर आयुक्त ने जवाब देते हुए कहा कि कटनी एमएसडब्ल्यू द्वारा काम ठीक तरीके से नहीं किया जा रहा है। कंपनी को ठेका समाप्त करने के संबंध में नोटिस भी जारी किया गया है। इस पर मिथलेश जैन ने सदन में कटनी एमएसडब्ल्यू का ठेका तत्काल समाप्त करने की मांग की।
कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के मामले में चर्चा के दौरान बताया गया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने स्थगन आदेश दे दिया है। इसके चलते इस मामले में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका।
योजना क्रमांक 17 के संबंध में चर्चा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भूमि अर्जन से जुड़ी पूरी जानकारी के साथ आगामी बैठक में उपस्थित हों।
नगर निगम के जन्म-मृत्यु पंजीकरण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्ति गलत तरीके से की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शासन के निर्देशों के विपरीत आवेदन पत्र लिए जा रहे हैं और गवाहों के हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। इस पर अध्यक्ष ने व्यवस्था दी कि विभाग में शासन के निर्देशों के अनुसार ही कार्रवाई की जाए।






























































































Leave a Reply