जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बड़वारा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन को लेकर अब देवरी घाट चर्चा में है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गुड़ा देवरी क्षेत्र में विरोध और शिकायतें बढ़ने के बाद रेत कारोबारियों ने अपना ठिकाना बदल लिया है। अब देवरी घाट पर रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, लगातार मीडिया रिपोर्ट और ग्रामीणों के विरोध के बाद कारोबारियों ने अपनी गतिविधियों का स्थान बदला है। आरोप है कि इस काम के लिए नई टीम भी सक्रिय की गई है, जो देवरी घाट से अवैध रेत कारोबार संचालित कर रही है।ग्रामीणों का दावा है कि दिन में भले ही छोटी-मोटी कार्रवाई होती दिखाई देती हो, लेकिन रात होते ही उत्खनन और परिवहन तेज हो जाता है। रात के अंधेरे में दर्जनभर ओवरलोड हाइवा रेत भरकर कटनी और आसपास के क्षेत्रों की ओर रवाना होते हैं।लगातार ठिकाने बदलकर कथित रूप से चल रहे इस कारोबार ने खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कारोबारी अपना ठिकाना बदलकर गतिविधियां जारी रखे हुए हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं।स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से देवरी घाट पर चल रही गतिविधियों और कथित नए नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के साथ पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
बड़वारा में रेत माफिया ने बदला ठिकाना: अब देवरी घाट से किया जा रहा अवैध उत्खनन, रात में दौड़ रहे ओवरलोड हाइवा






























































































Leave a Reply