मित्तल नगर में चोरों का आतंक: 9 तोला सोना और 2 किलो चांदी ले भागे बदमाश, दो सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली

जनमत हिन्दी। कटनी के कुठला थाना अंतर्गत मित्तल नगर में करीब 20 लाख रुपये की चोरी की वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लगभग 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक न तो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं और न ही उनकी पहचान या ठिकाने को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदात में तीन लोगों के शामिल होने की जानकारी है और उनके कैमरे में कैद होने की बात भी सामने आई है, इसके बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। जानकारी के अनुसार कुठला थाना अंतर्गत शहर के मित्तल नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। मकान नंबर 127 में रहने वाले रोहित गुप्ता के घर से चोर लगभग 9 तोला सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण ले गए। घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार घटना के समय घर पर ताला लगा था। रोहित गुप्ता की माता अष्टमी के अवसर पर दुर्गा दर्शन के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान तीन चोर घर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घर लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में कुठला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पीड़ित ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों के बिल भी पुलिस को सौंपे हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के तीन दिन बाद 21 अक्टूबर को कॉलोनी के कुछ लोगों ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को दोबारा क्षेत्र में देखा। स्थानीय लोगों ने उन्हें वहां से भगा दिया। इस घटनाक्रम के बाद कॉलोनीवासियों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *