किसना ज्वेलर्स चोरीकांड: वारदात से एक दिन पहले होटल में ठहरे थे चार संदिग्ध, चोरी के बाद प्रयागराज भागा गिरोह

जनमत हिन्दी। मध्यप्रदेश के कटनी शहर के बरगवां स्थित किसना हीरा एवं आभूषण केंद्र में करीब 15 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि गैस कटर से शटर और तिजोरी काटकर चोरी करने में माहिर गिरोह के चार सदस्य वारदात से एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को ही कटनी पहुंच गए थे। उन्होंने रेलवे स्टेशन के समीप होटल गणपति प्लाजा में कमरा किराए पर लिया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोह के सदस्यों ने होटल में रुककर वारदात की योजना बनाई थी। कमरा बुक कराते समय दो आरोपियों ने होटल प्रबंधन के पास अपने आधार कार्ड जमा किए थे। पुलिस ने होटल का रजिस्टर और संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। साइबर सेल और पुलिस की टीमें अब इन आधार कार्डों की जांच कर रही हैं कि वे वास्तविक हैं या आरोपियों ने फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया था।

जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह ने केवल किसना ज्वेलर्स को निशाना नहीं बनाया था। कटनी पहुंचने के बाद सदस्यों ने शहर के अन्य प्रमुख ज्वेलरी शोरूम और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी रेकी की थी। गजानन कॉम्प्लेक्स सहित कई स्थानों के सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की आवाजाही के फुटेज मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह अन्य प्रतिष्ठानों में भी चोरी की योजना बना रहा था या सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के बाद किसना ज्वेलर्स को निशाना बनाया।

प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़ने के संकेत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह गैस कटर की मदद से शटर और तिजोरी काटकर बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। गिरोह के सदस्य पहले किसी शहर में ठिकाना बनाते हैं, फिर कुछ दिनों तक रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देकर राज्य की सीमा पार कर जाते हैं। ओडिशा, मुंबई, दिल्ली और झारखंड सहित देश के कई हिस्सों में इस तरह की चोरी के मामलों में गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता की जानकारी भी जांच में सामने आई है।

वारदात के बाद आरोपियों के भागने का रास्ता भी पुलिस की जांच के दायरे में है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला है कि आरोपी कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गए। प्रयागराज स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने पुलिस से बचने के लिए सड़क मार्ग और अन्य साधनों से आगे की यात्रा की तथा अलग-अलग दिशाओं में बंट गए। पुलिस की विशेष टीमें कटनी से प्रयागराज के बीच पड़ने वाले रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।

इधर, वारदात के तीन दिन बाद भी शोरूम संचालक पुलिस को चोरी गए जेवरात का सटीक विवरण उपलब्ध नहीं करा सका है। शोरूम से कितनी मात्रा में और कितनी कीमत के हीरे व सोने के आभूषण चोरी हुए हैं, इसकी आधिकारिक सूची पुलिस को अब तक नहीं मिली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शोरूम संचालक की ओर से स्टॉक का विस्तृत मिलान कर चोरी गए आभूषणों की सूची उपलब्ध कराने के बाद ही नुकसान की वास्तविक राशि स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस को इस सूची का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *