जनमत हिन्दी, कटनी। दीपावली पर बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच आग लगने जैसी आपात स्थिति में दमकल वाहनों की आवाजाही सुगम बनाए रखने के लिए नगर निगम ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील मार्गों पर फायर ब्रिगेड वाहनों से पेट्रोलिंग शुरू की है। गुरुवार 5 नवंबर को अग्निशमन और अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने सिविल लाइन फायर जोन से अभियान शुरू कर विभिन्न बाजार क्षेत्रों का भ्रमण किया। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर शुरू किए गए अभियान के दौरान शाम 6 बजे फायर ब्रिगेड वाहन के साथ टीम मिशन चौक से बरगवां, हाउसिंग बोर्ड, माधव नगर और माधवशाह हॉस्पिटल रोड होते हुए माधव नगर के अंदरूनी बाजार क्षेत्रों में पहुंची। टीम ने मार्गों की स्थिति का जायजा लिया और यह देखा कि दुकानों के सामने रखी सामग्री, अस्थायी टेबल-काउंटर या अव्यवस्थित वाहन पार्किंग से दमकल वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान व्यापारियों और दुकानदारों से प्रतिष्ठानों के सामने सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई। उनसे दुकान की सामग्री और टेबल-काउंटर निर्धारित सीमा में रखने तथा ग्राहकों और अपने वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित स्थानों पर करने को कहा गया। टीम ने व्यापारियों को बताया कि आग लगने जैसी आपात स्थिति में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हो सकती है, जिससे आग पर नियंत्रण और जन-धन की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ती चहल-पहल, विद्युत सजावट, पटाखों की दुकानों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए निगम प्रशासन पेट्रोलिंग के माध्यम से प्रमुख मार्गों की निगरानी कर रहा है। अभियान में सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित अग्निशमन और अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
बाजार की सुरक्षा को लेकर नगर निगम सतर्क: दमकल वाहनों से संवेदनशील मार्गों का निरीक्षण, दीपवाली पर रहेगी फायर ब्रिगेड की पेट्रोलिंग






























































































Leave a Reply