विसर्जन मार्गों का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण: गाटर घाट पर अतिरिक्त कुंड बनाने और पहुंच मार्ग की व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

जनमत हिन्दी, कटनी, 18 अक्टूबर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और निगमायुक्त तपस्या परिहार ने रविवार शाम शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने 20 अक्टूबर को होने वाले विसर्जन समारोह को व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने स्टेशन रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से सुभाष चौक, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, शेर चौक और आजाद चौक होते हुए गाटर घाट विसर्जन कुंड तक के मार्ग का निरीक्षण किया।कलेक्टर ने गाटर घाट के प्रवेश स्थल पर दो अलग-अलग विसर्जन कुंड बनाने और घाट के आसपास का अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी किनारे एक अतिरिक्त विसर्जन कुंड तैयार कराने और घाट तक पहुंचने वाले मार्ग पर स्पीड ब्रेकर व्यवस्थित करने को कहा। झंडा बाजार मार्ग पर भी व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए, ताकि चल समारोह के दौरान आवागमन सुचारु रहे।निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम जितेंद्र पटेल, बिजली विभाग के शहर डीई मुकेश महोबे और नगर निगम के राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *