मेडिकल कॉलेज के पीपीपी मॉडल का विरोध: कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष बोले- इलाज कारोबार नहीं, जनता का अधिकार है

जनमत हिन्दी। कटनी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर बनाए जाने के विरोध में कटनी एक्शन कमेटी की ओर से निकाली गई रैली को जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष आदित्य जैन ने समर्थन दिया। रैली में शामिल होकर उन्होंने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ता और सुलभ इलाज उपलब्ध कराना होना चाहिए, न कि उन पर आर्थिक बोझ डालना।जनसभा को संबोधित करते हुए जैन ने कहा कि कटनी में विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर सतना और रीवा जैसे पड़ोसी शहरों की तुलना में पिछड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल से लेकर वर्तमान सरकार तक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास की उम्मीदें दिखाई गईं, लेकिन आज भी नागरिकों को अपने बुनियादी अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।क्षेत्रीय विधायक संदीप जायसवाल पर सवाल उठाते हुए जैन ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को कटनी का भविष्य संवारने की उम्मीद से चुना था। आज हर नागरिक यह जानना चाहता है कि कटनी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और विकास का वास्तविक हक कब मिलेगा। जनप्रतिनिधियों का पहला दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए।मेडिकल कॉलेज के पीपीपी मॉडल पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को इस मॉडल की शर्तों, इलाज की दरों और गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों को मिलने वाले लाभों के बारे में पूरी पारदर्शिता रखनी चाहिए। कटनी को ऐसा मेडिकल कॉलेज चाहिए, जहां किसी गरीब की आर्थिक स्थिति इलाज में बाधा न बने।जैन ने कहा कि कटनी एक्शन कमेटी की मांगें जनहित से जुड़ी हैं और कांग्रेस आम जनता की इस लड़ाई में उसके साथ खड़ी है। मेडिकल कॉलेज जनता की सुविधा का केंद्र बनना चाहिए, न कि आम आदमी पर आर्थिक बोझ डालने का माध्यम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *