कटनी। शहर के बरगवां रोड स्थित कृष्णा ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शोकेस व तिजोरी में रखे कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात का खुलासा सुबह शोरूम खुलने पर हुआ।
हाउसिंग बोर्ड निवासी मोहन बजाज का बरगवां रोड पर कृष्णा ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। रोज की तरह सुबह जब संचालक और कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। शोरूम की पिछली दीवार टूटी हुई थी और शोकेस व तिजोरी से सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस शोरूम और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों का सुराग मिल सके।
मुख्य मार्ग पर स्थित शोरूम में हुई इस बड़ी चोरी से शहर के व्यापारियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है। घटना के बाद रात के समय पुलिस गश्त और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यापारी वर्ग ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गए जेवरात बरामद करने की मांग की है।






























































































Leave a Reply