जनमत हिन्दी। दीपावली पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कोतवाली और माधवनगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। एसपी ने थाना तिराहा, झंडा बाजार, सर्राफा बाजार, सुभाष चौक, तांगा स्टैंड, इमलिया फटाका बाजार और माधवनगर बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आम नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने। भ्रमण के दौरान एसपी ने स्थानीय मिट्टी के दीये खरीदे और कुम्हारों तथा छोटे व्यापारियों के उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से भी दीपावली पर स्थानीय कारीगरों से मिट्टी के दीये खरीदने की अपील की। दीपावली पर आतिशबाजी और आगजनी की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस ने अग्नि सुरक्षा की तैयारियां भी परखीं। बाजारों की संकरी गलियों में अग्निशमन वाहन की पहुंच, त्वरित प्रतिक्रिया और आग पर नियंत्रण की प्रक्रिया जांचने के लिए फायर ब्रिगेड के साथ क्विक रिस्पॉन्स एवं फायर कंट्रोल का अभ्यास किया गया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर काम करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली राखी पांडे और यातायात प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने नागरिकों से त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाने तथा बाजारों में यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7049140924 पर देने को कहा गया है।
दीपावली पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट: एसपी ने बाजारों में पैदल घूमकर परखी व्यवस्थाएं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर रहेगी नजर






























































































Leave a Reply