झपावन नदी का रपटा डूबा: नदियां उफान पर, नीचे तेज बहाव और ऊपर लापरवाही का खतरा, सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। इससे क्षेत्र की नदियां और नाले उफान पर हैं। शुक्रवार को झपावन नदी के रपटे पर पानी चढ़ गया। तेज बहाव के कारण विजयराघवगढ़-बरहटा मुख्य मार्ग पर आवागमन लगभग बंद हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का जलस्तर हर घंटे बढ़ रहा है। सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण कई लोग अपनी जान खतरे में डालकर रपटा पार करने की कोशिश कर रहे हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीण खुद ही हालात पर नजर रख रहे हैं। वे लोगों को खतरे के बारे में बता रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि जल्द ही इस मार्ग पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी भी हादसे या जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए रपटे के दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाए। साथ ही, जब तक पानी का स्तर कम नहीं होता, तब तक वहां पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। एक ओर जहां नदियां उफान पर हैं, वहीं भू-अभिलेख विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस साल जिले में बारिश का आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले कम दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *