कटनी की जनसभा में गरजे सांसद संजय सिंह: केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला, पेपर लीक, बेरोजगारी और महंगाई पर कटघरे में सरकार

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के रामलीला मैदान घंटाघर में आयोजित जनसभा में रविवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राज्य और केन्द्र सरकार जमकर राजनीतिक हमला किया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के नेता रघु ठाकुर ने किसानों, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई, बेरोजगारी और कटनी मेडिकल कॉलेज सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों, युवाओं और आम जनता से किए गए वादे पूरे करने में विफल रही है। किसानों को फसल का दोगुना मूल्य देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ, गरीबों को पक्का मकान देने का दावा अधूरा है और युवाओं का भविष्य लगातार पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अब जनता के असली सवालों से बच रही है, इसलिए उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। संजय सिंह ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में काफी संख्या में सरकारी स्कूल बंद हुए हैं। आज भी कई स्कूल बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी विषयों पर राजनीति करने के बजाय इन्हें मजबूत किया जाना चाहिए। पेपर लीक के मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हुई परीक्षा अनियमितताओं ने लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार को झुकना पड़ा और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा।  राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण और बड़े उद्योगपतियों को कथित लाभ पहुंचाने के आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि आम जनता लगातार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रही है, जबकि सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है। सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी नेता रघु ठाकुर ने कटनी के सरकारी मेडिकल कॉलेज का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया था, लेकिन अब अस्पताल को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने की  तैयारी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी संस्थानों का संचालन भी निजी भागीदारी से होगा तो फिर सरकार की भूमिका क्या रह जाएगी। रघु ठाकुर ने कहा कि इंदौर, रीवा और उज्जैन जैसे शहरों में सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि कटनी को उसके अधिकार से वंचित रखा गया है। उन्होंने सरकार से मेडिकल कॉलेज के लिए स्वीकृत राशि का हिसाब मांगा और आरोप लगाया कि प्रदेश पर भारी कर्ज होने के बावजूद जनता को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। जनसभा में सरकार की जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए किसानों, युवाओं, मजदूरों और आम जनता से संघर्ष जारी रखने का आव्हन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *