फरार सीएसपी सहित दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम: जमीन फर्जीवाड़े में एसआईटी की घेराबंदी तेज, संभावित ठिकानों में पुलिस दबिश

जनमत हिन्दी। कटनी के बहुचर्चित जमीन सौदा और फर्जीवाड़े के मामले में घिरीं निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया, मुख्य फाइनेंसर क्षितिज राज बारापात्रे और कागजी खरीदार मारूफ अहमद हनफी की मुश्किलें हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती जा रही हैं। कुठला थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस महकमे ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। वहीं दूसरी ओर, मामले की मुख्य आरोपी निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत याचिका पर आज, 29 अगस्त 2026 को एडीजे कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है।

अग्रिम जमानत पर टिकीं निगाहें
गिरफ्तारी के संकट से जूझ रहीं निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल कर रखी है। इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से दलीलें पेश की गई थीं, लेकिन समय के अभाव के चलते सुनवाई पूरी नहीं हो पाई थी। अदालत ने मामले में अगली तारीख 29 अगस्त तय की थी, जिस पर आज आगे की बहस और फैसला संभावित है।

ये है मामला
यह पूरा मामला हत्या के आरोपी रमेश लोधी को बचाने और पद का दुरुपयोग करने से जुड़ा है। आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर 90 दिनों तक कोर्ट में चालान पेश नहीं होने दिया गया, ताकि आरोपी को डिफॉल्ट जमानत का लाभ मिल सके। इसी के बदले में आरोपी की करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपये मूल्य की जमीन को अपने करीबियों के नाम कौड़ियों के दाम पर लिखवा लिया गया।

मोबाइल स्विच ऑफ, लोकेशन ट्रेस कर रही साइबर सेल
मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से एसआईटी और पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई हैं। साइबर सेल से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी मारूफ अहमद हनफी के ठिकाने पर दबिश भी दी थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। एफआईआर के बाद से ही तीनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर रखे हैं। पुलिस अब इनाम घोषित कर साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र के जरिए उनकी घेराबंदी मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *