जनमत हिन्दी। कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत शाहडार के जंगलों में हिंसक वन्य जीवों की चहलकदमी लगातार बढ़ रही है। 30 अगस्त रविवार को शाहडार जंगल से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर एक बाघ के आराम से टहलने का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार सड़क से गुजर रहे कार सवार राहगीरों ने दूर से ही अपने मोबाइल में बाघ का वीडियो शूट कर लिया। बाघ कुछ देर तक सड़क पर टहलता रहा और फिर घने जंगल की ओर चला गया। शाहडार का यह वन क्षेत्र उमरिया और प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की सीमाओं से सटा हुआ है। यही वजह है कि इस इलाके में बाघ और तेंदुओं की आवाजाही अक्सर बनी रहती है। हालांकि अब वन्य जीवों के सीधे सड़कों पर आ जाने से स्थानीय लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। वन विभाग ने यात्रियों और ग्रामीणों के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। शाहडार जंगल वाले मार्ग पर रात के समय बाइक या खुले वाहनों से सफर नहीं करने, वन्य जीव सामने दिखने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखने, हॉर्न नहीं बजाने के लिए कहा है। यह भी कहा गया है कि वन्यजीव को उकसाने का प्रयास नहीं करें। वाहन के शीशे बंद रखें और वीडियो या फोटो बनाने के चक्कर में जान को जोखिम में नहीं डालें।
सड़क पर आया जंगल का राजा: शाहडार में बाघ की चहलकदमी से बढ़ी दहशत, कार सवार राहगीरों ने बनाया वीडियो



































































































Leave a Reply