जनमत हिन्दी। कटनी की पुरानी कचहरी स्थित हनुमान मंदिर में 28 अगस्त को हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मंदिर से चोरी किया गया चांदी का मुकुट बरामद कर लिया गया है। चोरी करने के आरोप में पवन नामदेव (19) और चोरी का माल खरीदने के आरोप में धर्मेन्द्र सोनी (29) को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन निवासी बरही फरार है।
28 अगस्त को संस्कार मिश्रा पिता अनंत राम मिश्रा, निवासी राजीव गांधी वार्ड, कटनी ने कोतवाली में सूचना दी थी कि उनके पिता अनंत राम मिश्रा पुरानी कचहरी स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी हैं। दोपहर करीब 2 बजे मंदिर पहुंचने पर अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और हनुमान जी का चांदी का मुकुट गायब था। मंदिर के बगल की खिड़की की जाली भी टूटी मिली। रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 950/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस के अनुसार मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध युवक मंदिर के आसपास रैकी करते दिखाई दिए। फुटेज से मिले हुलिए के आधार पर तलाश के दौरान सराफा बाजार में इसी हुलिए से मिलता-जुलता एक संदिग्ध युवक मिला।
पूछताछ में उसने अपना नाम पवन नामदेव पिता रमेश नामदेव, उम्र 19 वर्ष, निवासी इंद्रजीत की दफाई, खलवारा बाजार, कैमोर, जिला कटनी बताया। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त फोटो दिखाने पर उसने दूसरे आरोपी की पहचान लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन, निवासी बरही, जिला कटनी के रूप में की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पवन ने स्वीकार किया कि उसने लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन के साथ मिलकर 28 अगस्त की दोपहर मंदिर के आसपास सुनसान होने का फायदा उठाया और खिड़की की जाली तोड़कर चांदी का मुकुट चोरी किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी का मुकुट उसके साथी मयूर उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन ने सराफा बाजार कटनी के धर्मेन्द्र सोनी को 15 हजार रुपये में बेचा था। इसमें से उसे 5 हजार रुपये मिले थे।
पुलिस ने पवन से मिली जानकारी के आधार पर सराफा बाजार पहुंचकर धर्मेन्द्र सोनी पिता किशनलाल सोनी, उम्र 29 वर्ष, निवासी शिवनगर, कटनी को अभिरक्षा में लिया। उसके कब्जे से चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद किया गया। बरामद मुकुट की अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा बिक्री से आरोपी पवन के हिस्से में आए 5 हजार रुपये में से शेष 1,500 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन थाना बरही का निगरानी बदमाश बताया गया है और घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी और पतासाजी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि मंदिर में हुई चोरी से आमजन की धार्मिक भावनाएं जुड़ी होने के कारण पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। उनके अनुसार तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से घटना का खुलासा कर चोरी गया माल बरामद किया गया। चोरी करने और चोरी का माल खरीदने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन कि गई है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, प्रधान आरक्षक नितिन जायसवाल, वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, आरक्षक दीपक तिवारी, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह और रोहित राठौर की भूमिका रही।
मंदिर में हुई चोरी का खुलासा: भगवान हनुमान का मुकुट चोरी करने और खरीदने के आरोप में दो गिरफ्तार, एक फरार

































































































Leave a Reply