जनमत हिन्दी, कटनी। बरही नगर के मुख्य बाजार में अग्रवाल परिवार के आवासीय भवन सह क्रॉकरी दुकान में हुए भीषण अग्निकांड और एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष तिवारी ने घटना के वास्तविक कारणों, परिस्थितियों और संभावित लापरवाही की जांच के लिए अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को 30 दिन के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, समिति में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ विजय धारेवे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर मनीष परते और सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा कटनी ज्योति यादव को सदस्य बनाया गया है।
समिति बरही निवासी पूरनलाल पिता भगवत प्रसाद के आवासीय भवन और उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में लगी आग की घटना के सभी पहलुओं की जांच करेगी। इसमें आग लगने के वास्तविक कारणों और उन परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा, जिनमें यह हादसा हुआ।
जांच के दायरे में घटना के दौरान पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्य भी शामिल हैं। समिति भवन और दुकान के संचालन से जुड़े नियमों तथा सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति की भी पड़ताल करेगी। साथ ही यह पता लगाया जाएगा कि घटना में किसी स्तर पर लापरवाही या चूक हुई थी अथवा किसी व्यक्ति की कोई भूमिका रही।
जांच समिति संबंधित व्यक्तियों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रभावित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। इसके अलावा आवश्यक दस्तावेजों, विभागीय अभिलेखों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर घटना के कारणों और जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा।
समिति भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी अपनी रिपोर्ट में शामिल करेगी। कलेक्टर ने निर्धारित 30 दिन की अवधि में जांच पूरी कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।






























































































Leave a Reply