स्थानीय कारीगरों के हुनर को दें सम्मान: कलेक्टर ने कहा- वोकल फॉर लोकल को अपनाएं, प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाएं

जनमत हिन्दी। कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से वोकल फॉर लोकल को अपनाने, स्थानीय कारीगरों और महिला स्वसहायता समूहों के उत्पाद खरीदने और जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करने का आग्रह किया है। कलेक्टर ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व सकारात्मकता, स्वच्छता और आपसी सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नागरिकों से सपरिवार स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने की अपील की। उन्होंने ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंध का पालन करने, केवल ग्रीन पटाखों का उपयोग करने और विद्युत सुरक्षा सहित जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी। कलेक्टर ने कहा कि जिले के कुम्हार मिट्टी के आकर्षक दीये तैयार करते हैं, जबकि महिला स्वसहायता समूह पूजन सामग्री, पूजा बाती और सजावटी वस्तुएं बनाते हैं। नागरिक दीपावली की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर कारीगरों और समूहों के हुनर को प्रोत्साहित करें। इससे स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि दीपावली की खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब समाज के वंचित और जरूरतमंद परिवार भी इस उत्सव में शामिल हो सकें। नागरिक अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों की मदद करें और उनके साथ खुशियां साझा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *