जनमत हिन्दी, कटनी। मध्यप्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और माफियाओं की बढ़ती गतिविधियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किए गए प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पुलिस अधिकारियों सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में शराब, रेत और खनिज माफियाओं की गतिविधियां बढ़ रही हैं। आम नागरिकों के साथ पुलिस अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने हाल ही में शराब माफिया द्वारा खातौंगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर की गई हत्या का उल्लेख करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि जब कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी ही माफियाओं के हमलों का शिकार हो रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है और माफियाओं का आतंक बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में माफियाओं का आतंक और कानून व्यवस्था की बदहाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस की मांग है कि माफियाओं को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई हो और प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया जाए। इसके लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
ज्ञापन में थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, प्रदेश में सक्रिय माफियाओं के अवैध कारोबार पर तत्काल रोक और उन्हें संरक्षण देने वालों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कटनी जिले में अवैध गतिविधियों और माफिया तंत्र पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करने की मांग की, ताकि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर अध्यक्ष अधिवक्ता अमित शुक्ला, प्रेम बत्रा, राजा जगवानी, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, आफताब अहमद, विजय मंगल चौधरी, अहमद कुरैशी, राहुल होतवानी, नारायण निषाद, राजकुमार विश्वकर्मा, रमेश अहिरवार, कपिल पटेल, अंशु गुप्ता, ऋषभ पटेल, लक्ष्मी यादव, इकलाख अहमद और हर्षित मिश्रा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






























































































Leave a Reply