महापौर ने निभाया वादा: शिवाजी नगर की बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण का शुभारंभ, विकास को मिली रफ्तार

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के इंदिरा गांधी वार्ड में लगभग 93 लाख रुपए लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी, मेयर इन काउंसिल सदस्यों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में भूमिपूजन कराया गया। भूमिपूजन के अंतर्गत शिवाजी नगर क्षेत्र में अनुज शुक्ला के घर से सुमित जायसवाल के घर तक लगभग 51.59 लाख रुपए की लागत से डामरीकरण कार्य और मौसम ताम्रकार के घर से विनोद असाटी के घर तक लगभग 11.41 लाख रुपए की लागत से सीसी नाली निर्माण कार्य, गली क्रमांक-13 और अन्य गलियों में लगभग 28.82 लाख रुपए की लागत से सीसी नाली निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की सड़क, जल निकासी, आवागमन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि शिवाजी नगर क्षेत्र की इस सड़क के निर्माण का वादा उन्होंने पिछले वर्ष क्षेत्रवासियों से किया था। विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण कार्य प्रारंभ होने में देरी हुई, जिसके लिए उन्होंने नागरिकों से क्षमा याचना करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनता से किया गया हर वादा उनके लिए संकल्प के समान है। उन्होंने कहा कि इस सड़क का निर्माण सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के लंबे समय से देखे जा रहे सपने को साकार करने का प्रयास है। नगर में इंडिया होटल के समीप मार्ग, मुख्य सड़क, मुक्तिधाम रोड, केलवारा रोड, सब्जी मंडी रोड सहित अनेक महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कर नागरिकों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा किया गया है। शिवाजी नगर की इस बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमिपूजन होने से एक और महत्वपूर्ण सपना साकार होने जा रहा है।महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य सिर्फ निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक, सुरक्षित और बेहतर बनाना है। शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं ताकि हर क्षेत्र को समान रूप से विकास का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *