जनमत हिन्दी। कटनी जिले के शहर के कुठला थाने में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति को लेकर पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वर्तमान थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा के 30 मई को सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद रिक्त हो गया है, जिसके चलते कई निरीक्षक इस प्रतिष्ठित थाने की कमान संभालने की दौड़ में बताए जा रहे हैं।
विभागीय सूत्रों के अनुसार कुठला थाना प्रभारी पद के लिए निरीक्षक शैलेंद्र यादव, विजय विश्वकर्मा, अभिषेक चौबे, मोहम्मद शाहिद, आशीष शर्मा और अखिलेश दहिया के नाम चर्चा में हैं। इनमें से कुछ अधिकारी वर्तमान में पुलिस लाइन में पदस्थ हैं, जबकि कुछ जिले के अन्य थानों में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं यह संभावना भी जताई जा रही है कि विभाग किसी महिला अधिकारी को भी कुठला थाने की कमान सौंप सकता है। कुठला थाना क्षेत्र जिले का बड़ा और संवेदनशील थाना माना जाता है। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने, औद्योगिक गतिविधियों की मौजूदगी, घनी आबादी और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के कारण यहां ऐसे अधिकारी की नियुक्ति पर विचार किया जा रहा है, जिसका कार्य अनुभव बेहतर हो और जो अपराध नियंत्रण के साथ जनसंपर्क में भी प्रभावी भूमिका निभा सके। सूत्रों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा जिले के थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निराकरण, कानून-व्यवस्था और जनसंतुष्टि जैसे बिंदुओं के आधार पर आगामी दिनों में नई पदस्थापनाओं की सूची जारी हो सकती है।
पुलिस विभाग में चल रही चर्चाओं के अनुसार कुठला के अलावा बड़वारा, बाकल, बरही, माधवनगर, रीठी और विजयराघवगढ़ सहित जिले के कई थानों में भी फेरबदल संभव है। कुछ स्थानों पर वरिष्ठ उपनिरीक्षकों को भी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ पुलिसकर्मियों की सूची भी तैयार की जा रही है, जिससे बड़े पैमाने पर तबादलों की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस महकमे और शहरवासियों की निगाहें कुठला थाना प्रभारी की नियुक्ति तथा संभावित तबादला सूची पर टिकी हुई हैं।
कौन बनेगा कुठला थाना प्रभारी: पुलिस महकमे में चर्चाओं का बाजार गर्म, पूर्व टीआई का नाम सबसे आगे


































































































Leave a Reply