कटनी में क्रिकेट सट्टा: गुजरात के दो युवक गिरफ्तार, एक आरोपी फरार, लाखों के उपकरण जब्त

जनमत हिन्दी। आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का कटनी जिले के माधवनगर पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, लैपटॉप और बैंक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले का मुख्य सरगना पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि माधवनगर क्षेत्र का निवासी मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद माधवनगर, कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रफी किदवई वार्ड स्थित दुबे कॉलोनी में दबिश दी गई। दबिश के दौरान पुलिस ने गुजरात के सूरत निवासी मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी और हितेश डायाभाई खूट को लैपटॉप और मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास सट्टा संचालन का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सात मोबाइल, दस बैंक पासबुक, 19 एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप एटीएम स्वाइप मशीन, जियो वाई-फाई राउटर, हिसाब-किताब रजिस्टर सहित 48 सौ नकद जब्त किया गया है। जब्त की गई सामग्री की कीमत लगभग ढाई लाख रूपए आंकी गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मकान मालिक गगन नाकरा के कहने पर सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस दबिश से पहले ही वह फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रकरण की विवेचना शुरू कर दी है। बैंक खातों की जांच की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन,  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में की गई है। कार्रवाई में माधवगनर थाना प्रभारी संजय दुबे, कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडेय, एसआई योगेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक श्रीकांत सेन, आशीष श्रीवास, सुग्रीवधर बड़गैया, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, उमाकांत तिवारी, मणि सिंह, महिला आरक्षक आरती सैय्याम, विवोद विश्वकर्मा, आरक्षक विवेक मिश्रा और सायबर सेल टीम की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *