जनमत हिन्दी। कटनी के कुठला थाना अंतर्गत इंदिरा नगर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान दो पक्षों के विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर पथराव के बाद जमकर बवाल हुआ। पुलिस कर्मिर्यों पर पथराव की सूचना पर मौके पर काफी संख्या में पहुंचे पुलिस बल ने लाठी चार्ज कर दिया। पुलिस द्वारा भांजी गईं लाठियों से वर और वधु पक्ष के लगभग एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस मामले के प्रारंभिक जांच में अनुचित आचरण पाए जाने पर बस स्टैंड चौकी प्रभारी एसआई सिद्धार्थ राय और कुठला थाने में पदस्थ एसआई सौरभ सोनी को लाइन अटैच कर दिया गया है। मारपीट का शिकार हुए पक्ष के लोगों का कहना है कि पुलिस की पिटाई से दुल्हन के भाई आकाश चौधरी और दूल्हे के चाचा सहित कई लोगों के हाथ फ्रैक्चर हो गए जबकि कुछ के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस लाठी चार्ज से 14 घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इस मामले की शिकायत मंगलवार को पीड़ित पक्ष ने एसपी कार्यालय में जनसुनवाई में भी की है। जिसके बाद ही एएसपी अभिनव विश्वकर्मा ने एसआई सिद्धार्थ राय और एसआई सौरभ सोनी को लाइन अटैच कर दिया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें पुलिसवाले बारातियों पर लाठियां बरसाते दिख रहे हैं। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर कुर्सियां भी फेंकी। दूसरे वीडियो में पुलिसकर्मी दूल्हा-दुल्हन समेत कुछ लोगों को गाड़ी में बैठाती नजर आ रही है। इसी दौरान किसी ने लोटा फेंका, जो एक कॉन्स्टेबल के सिर में लगा। जानकारी के अनुसार मैहर जिले के अमदरा गांव निवासी सीताराम बर्मन के परिवार की बारात कटनी के इंदिरा नगर आ रही थी। जिस गाड़ी में दूल्हा बैठा था, वह रास्ते में खराब हो गई। इसके कारण बारात करीब दो घंटे देरी से लगी। रात करीब डेढ़ बजे जब बारात, दुल्हन के घर से 50 मीटर दूर थी, तभी कुठला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी बातचीत के बारातियों को धक्का देना शुरू कर दिया। बारातियों द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद पुलिस मौके से चली गई। पीड़ित पक्ष ने बताया कि पुलिस ने घर के अंदर घुसकर भी मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आईं महिलाओं और बच्चों को लाठी-डंडे मारे। इससे दुल्हन के भाई आकाश चौधरी और दूल्हे के चाचा सहित कई लोगों के हाथ फ्रैक्चर हो गए हैं। कुछ लोगों के सिर में गंभीर चोटें भी आई हैं। पुलिस लाठी चार्ज में जिन लोग घायल हुए हैं, उनमें संजय चौधरी, मनोज कुमार चौधरी, आकाश चौधरी, रमेश चौधरी, सुमन बाई, राजकुमार चौधरी, अजय चौधरी, भगवती चौधरी, नीरज चौधरी, विकास चौधरी, सुदामा चौधरी, शुभम चौधरी, सीताराम वर्मा, श्रोती वर्मा का नाम शामिल है। वहीं इस मामले में सीएसपी नेहा पच्चीसिया का कहना है कि बारात लेट होने को लेकर दोनों पक्षों का आपस में झगड़ा हो गया था। जिसके बाद डायल 112 को कॉल करके बुलाया गया। मौके पर मौजूद कई लोग नशे में थे। पुलिस उन्हें समझा रही थी, इसी दौरान बारातियों की ओर से पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। पथराव में चार से पांच पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
कटनी में बारात में बवाल: पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई घायल










Leave a Reply