जनसुनवाई में दिखी संवेदनशीलता: दिव्यांग की समस्या सुनने उसके पास पहुंची महापौर, एक ही मंच के नीचे मिल रही राहत

जनमत हिन्दी। नगर निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से काफी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। इस दौरान निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहे, जिससे नागरिकों को अलग-अलग शाखाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़े और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। जनसुनवाई के दौरान महापौर ने आवेदन को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने पेयजल, सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, राजस्व और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण किया जा सके। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। जनसुनवाई के दौरान वेंकट वार्ड से आए दिव्यांग नागरिक अजय निषाद शारीरिक असुविधा के कारण सभागार तक नहीं पहुंच सके। इसकी जानकारी मिलते ही महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी स्वयं नीचे पहुंचीं और उनसे मुलाकात कर उनकी समस्या को गंभीरता से सुना। अजय निषाद ने राशन पर्ची में नाम दर्ज कराए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई, जिस पर मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *