जनमत हिन्दी। नगर निगम द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। विकास के इसी क्रम में दो निर्माण कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, मेयर इन काउंसिल सदस्यों और क्षेत्रीय पार्षद तुलसा गुलाब बेन, संजू जीवन चौधरी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा। विकास कार्यों के अंतर्गत महाराणा प्रताप वार्ड स्थित झिंझरी क्षेत्र में तेजी लाल रजक के घर से चंद्रलाल यादव के घर तक सीसी नाली निर्माण कार्य तथा कावसजी वार्ड में विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। लगभग 35 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों के पूर्ण होने पर जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।भूमिपूजन के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द लाभ मिल सके और विकास का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे। कार्यक्रम के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पूर्व पार्षद जीवन चौधरी सहित काफी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा महापौर और क्षेत्रीय पार्षद का पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने भी वार्ड की वृद्ध महिला का माला पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता का माहौल और भी सशक्त हुआ।इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा, जिससे दैनिक जीवन और अधिक सुगम होगा। कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने वार्ड की महिलाओं के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए आश्वस्त किया। महापौर ने महिलाओं से स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए कहा।साथ ही उन्होने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी से अपने आसपास सफाई बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने और अन्य नागरिकों को भी जागरूक करने के लिए कहा। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती गुलाब बेन ने कहा कि वार्ड के समग्र विकास में नागरिकों का विश्वास और सहयोग सबसे बड़ी ताकत है, जिसके चलते विभिन्न विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने सभी से इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया। वहीं श्रीमती संजू चौधरी ने कहा कि स्वच्छता, सुव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने में आमजन की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वार्ड वासियों से कहा कि वे नगर के विकास कार्यों में सहयोग करते हुए अपने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाने में अहम भूमिका निभाएं। इस अवसर पर सुनील गोटिया, मुकेश प्रसाद, शिवनारायण प्रसाद, कौशल तिवारी, दीप महोबिया, जैकी कोरी, गोपाल प्रसाद, विनोद प्रसाद, लखन चौधरी, केशव कोल सहित अन्य स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।
कटनी में विकास को मिली रफ्तार: महापौर ने कहा- हर वार्ड में प्राथमिकता से कराए जा रहे विकास कार्य































































































Leave a Reply