हाइवे पर लिफ्ट देना पड़ा भारी: ड्राइवर की बेरहमी से हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

जनमत हिन्दी। जिले के स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत कटनी-जबलपुर नेशनल हाइवे में छपरा गांव के पास एक ट्रक चालक की हत्या के मामले का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबिक एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। तीनों आरोपियों ने ट्रक चालक से लिफ्ट ली थी, जिसके बाद सभी शराब पी। जिसके बाद लिफ्ट लेने वाले युवकों ने ट्रक चालक से रूपयों की मांग की, जिसे नहीं देने पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि 10-11 अप्रैल की 2026 की दरम्यानी रात डायल 112 को सूचना मिली थी कि छपरा नेशनल हाइवे रोड पर एक ट्रक में एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान मृतक की पहचान जबलपुर जिले के सिहोरा के खितौला थाना क्षेत्र निवासीह राकेश दाहिया (42)के रूप में हुई थी। मृतक युवक पेशे से ट्रक चालक था और जिस ट्रक में उसका शव मिला था उसी ट्रक को चलाता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण की विवेचना शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेह के आधार पर बंधी गांव निवासी रोहित कोल और अमन चौबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चालक की हत्या करना स्वीकार्य कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी मनोज के साथ मिलकर ट्रक ड्राइवर से लिफ्ट ली थी। रास्ते में सभी ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद आरोपियों ने ड्राइवर से पैसों की मांग की। ड्राइवर द्वारा पैसे देने से मना करने पर तीनों ने मिलकर हाथ-मुक्कों और व्हील पाना से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी रोहित कोल (21) और अमन चौबे (22) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में फरार तीसरे आरोपी मनोज की तलाश की जा रही है। हत्या का खुलासा करने में एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उप निरीक्षक अनिल यादव और साइबर सेल के आरक्षक अजय साकेत, सत्येंद्र सिंह, अमित श्रीपाल सहित पूरी टीम की भूमिका रही। कार्रवाई एसपी के निर्देशन और एएसपी के मार्गदर्शन में की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *